BCCI named Ruturaj Gaikwad Vice-Captain: आईपीएल 2026 का समापन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लगातार दूसरी बार चैंपियन बनने के साथ हो गया। अब सभी का ध्यान इंटरनेशनल क्रिकेट की तरफ है, क्योंकि टीम इंडिया की 6 जून से मैदान पर वापसी होने वाली है। इसके अलावा इंडिया ए की टीम भी 9 जून से एक्शन में नजर आने वाली है और उसे श्रीलंका दौरे पर वनडे ट्राई सीरीज खेलनी है। ऐसे में फैंस के लिए ब्लॉकबस्टर एक्शन देने को तैयार है। वनडे ट्राई सीरीज में इंडिया ए और श्रीलंका ए के अलावा अफगानिस्तान ए भी शामिल है।
इस सीरीज का आयोजन दाम्बुला में 21 जून तक होगा। इसके लिए BCCI ने 14 मई को इंडिया ए के 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया था, जिसमें कप्तानी तिलक वर्मा को मिली थी और उप-कप्तानी रियान पराग को सौंपी गई थी। स्क्वाड में वैभव सूर्यवंशी समेत कई आईपीएल के स्टार और घरेलू क्रिकेट में अच्छा करने वाले खिलाड़ियों को मौका दिया गया लेकिन रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को नजरअंदाज कर दिया गया था, जबकि उनका चयन सीनियर टीम में भी नहीं हुआ था। लेकिन अब रुतुराज को उपकप्तान बना दिया गया है।
रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को बनाया गया वनडे टीम का उप-कप्तान

आईपीएल 2026 में रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) के नेतृत्व में चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ में जगह नहीं बना पाई थी और उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी बल्ले के साथ खराब रहा था। इस बीच रुतुराज को BCCI द्वारा बड़ी सौगात मिली है और उन्हें वनडे टीम का उपकप्तान बना दिया गया है। हालांकि, जिस ODI टीम का उपकप्तान उन्हें बनाया गया है, वह अफगानिस्तान सीरीज वाली नहीं है, बल्कि श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज है।
रियान पराग की इंजरी रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) के लिए फायदे का सौदा
दरअसल, इस सीरीज के लिए स्क्वाड की घोषणा के समय उप-कप्तान नियुक्त किए गए रियान पराग इंजरी के कारण बाहर हो गए हैं। पराग को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई है और उन्होंने आईपीएल के हालिया सीजन के दौरान खुद भी कबूल किया था कि वो पूरी तरह फिट नहीं हैं लेकिन फिर भी खेल रहे हैं। वहीं, कुछ मुकाबलों में उन्हें बाहर भी बैठना पड़ा था, तब उनकी जगह कप्तानी यशस्वी जायसवाल ने की थी। हालांकि, अब उनकी इंजरी गंभीर पता चली है और उनका रिहैब BCCI सेंटर ऑफ एक्सेलेंस द्वारा मैनेज किया जाएगा।
यही वजह है कि BCCI को मजबूरन श्रीलंका में होने वाली वनडे ट्राई सीरीज के लिए उप-कप्तानी में बदलाव करना पड़ा है और रुतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को जिम्मेदारी सौंप गई है। गायकवाड़ के पास लीडरशिप का अच्छा अनुभव भी है। उन्होंने आईपीएल के साथ-साथ घरेलू क्रिकेट और इंडिया ए की कमान भी संभाली हुई है।
वनडे ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए का अपडेटेड स्क्वाड
तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बदोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कुमार कुशाग्र (विकेटकीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, युद्धवीर सिंह, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय