IPL 2026 Dream Team: 28 मार्च से शुरू हुए IPL 2026 में अब तक लीग स्टेज में आधे से ज्यादा मुकाबले संपन्न हो चुके हैं। 40 मुकाबलों में से 39 मुकाबले पूरी तरह हुए, जबकि एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हुआ। जितने भी मैच हुए, उसमें काफी ज्यादा रोमांच देखने को मिला। इस दौरान आईपीएल में सबसे बड़े रन चेज का रिकॉर्ड भी बना। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स महज 75 पर भी ढेर हुई। CSK, MI और KKR जैसी बड़ी टीमों का हाल भी अभी तक खराब ही रहा है।
इन सब के बीच कई खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से धूम मचाई और IPL 2026 के 40 मैचों के आधार पर ड्रीम टीम बनाई जाए तो इसमें कई बेहतरीन प्लेयर शामिल होंगे। हालांकि, कुछ दिग्गजों को बाहर भी रखना पड़ा है, क्योंकि उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इस मामले में जसप्रीत बुमराह, कैमरन ग्रीन, ट्रैविस हेड और वरुण चक्रवर्ती जैसे कई अहम नाम हैं। तो चलिए आपको बताते हैं कि ड्रीम टीम का हिस्सा कौन-कौन है।
IPL 2026 ड्रीम टीम टॉप ऑर्डर- वैभव सूर्यवंशी, विराट कोहली और अभिषेक शर्मा

लीग के शुरूआती 40 मुकाबलों के आधार पर IPL 2026 की ड्रीम टीम में ओपनिंग की जिम्मेदार 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी और रन मशीन विराट कोहली को सौंपी गई है। एकतरफ सूर्यवंशी का तूफानी अंदाज रहेगा, दूसरी तरफ कोहली की क्लासिक और आक्रामक स्टाइल के मिश्रण वाली बल्लेबाजी। इन दोनों ने मौजूदा सीजन में बल्ले से तबाही मचाई है। सूर्यवंशी ने 9 मैचों में 238.09 की स्ट्राइक रेट से 400 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और दो अर्धशतक शामिल हैं। वहीं, विराट ने 162.50 की स्ट्राइक रेट से 351 रन स्कोर किए हैं।
इसके बाद, तीसरे स्थान पर सनराइजर्स हैदराबाद के तूफानी बल्लेबाजी अभिषेक शर्मा हैं, जिन्होंने 8 मैचों में 212.29 की स्ट्राइक रेट से 380 रन बनाए हैं। IPL 2026 में अभिषेक ने बतौर ओपनर ही खेला है लेकिन उन्हें हमने नंबर तीन पर जगह दी है। ईशान किशन की दावेदारी भी मजबूत थी लेकिन अभिषेक के आने से स्पिन गेंदबाजी में विकल्प बढ़ जाते हैं।
IPL 2026 ड्रीम टीम मिडिल ऑर्डर – श्रेयस अय्यर (कप्तान), रजत पाटीदार, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर)
पंजाब किंग्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने नंबर 4 पर काफी धमाकेदार बल्लेबाजी की है। इसी वजह से हमारी IPL 2026 ड्रीम टीम में भी उन्हें वही पोजीशन दी गई है। अय्यर ने 61.80 की औसत से 309 रन बनाए हैं। इसके अलावा उनकी कप्तानी भी लाजवाब रही है और इसी वजह से हमने भी उन्हें ही कप्तान चुना है। पांचवें नंबर पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के कप्तान रजत पाटीदार को रखा है, जो बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने में माहिर हैं। पाटीदार ने 210.61 की स्ट्राइक रेट से 238 रन बनाए हैं।
नंबर छह पर सनराइजर्स हैदराबाद के हेनरिक क्लासेन हैं, जिन्होंने कई धमाकेदार पारियां खेली हैं। क्लासेन ने लगभग 50 की औसत और करीब 150 की स्ट्राइक रेट से 349 रन बनाए हैं। IPL 2026 में क्लासेन ने विकेटकीपिंग नहीं की है लेकिन हमने उन्हें ड्रीम टीम में कीपर भी चुना है।
IPL 2026 ड्रीम टीम फिनिशर और गेंदबाज – टिम डेविड, भुवनेश्वर कुमार, प्रिंस यादव, सुनील नरेन और जोफ्रा आर्चर
इस टीम में फिनिशर की भूमिका में RCB के टिम डेविड को जगह दी गई है, जो अंतिम ओवरों में अलग ही अवतार में नजर आते हैं। IPL 2026 में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ने 194.68 की स्ट्राइक रेट से 183 रन बनाए हैं। बल्लेबाजी के अलावा डेविड जरूरत पड़ने पर गेंदबाजी भी कर सकते हैं।
गेंदबाजी विभाग में RCB के लिए कमाल का प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को जगह दी गई है, जो पुराने अंदाज में ही स्विंग से विकेट चटका रहे हैं और आखिरी में अपनी विविधताओं से सफलता हासिल कर रहे हैं। अब तक भुवी 14 विकेट ले चुके हैं और उनका इकॉनमी रेट भी 9 से कम का है। उनके साथ राजस्थान रॉयल्स के पेसर जोफ्रा आर्चर और लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रिंस यादव भी शामिल हैं। आर्चर ने 14 और प्रिंस ने 13 विकेट लिए हैं। वहीं, मुख्य स्पिनर के रूप में सुनील नरेन हैं, जिन्होंने 7 विकेट ही चटकाए हैं लेकिन उनका इकॉनमी रेट 6.66 है, जो बहुत ही उम्दा है। नरेन ने LSG के खिलाफ सुपर ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए KKR को जीत दिलाई थी।
IPL 2026 ड्रीम टीम
वैभव सूर्यवंशी, विराट कोहली, अभिषेक शर्मा, श्रेयस अय्यर (कप्तान), रजत पाटीदार, हेनरिक क्लासेन (विकेटकीपर), टिम डेविड, भुवनेश्वर कुमार, जोफ्रा आर्चर, सुनील नरेन, प्रिंस यादव
नोट: 12वें खिलाड़ी के रूप में लेग स्पिनर रवि बिश्नोई रहेंगे, जिन्होंने IPL 2026 में 11 विकेट चटकाए हैं और उनका इकॉनमी रेट 9.54 का है। उन्हें वैभव सूर्यवंशी की जगह गेंदबाजी के दौरान इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में शामिल किया जाएगा।
FAQs
IPL 2026 ड्रीम टीम का कप्तान कौन है?
यह भी पढ़ें: MI vs SRH मुकाबले का Rohit Sharma क्यों नहीं हैं हिस्सा? हार्दिक ने बताई वजह; IPL 2026 से भी हिटमैन बाहर?