How can Punjab Kings miss the IPL 2026 playoffs: आईपीएल 2026 में 55 मैच खेले जा चुके हैं। कुल 70 लीग स्टेज मैचों में अभी 15 बाकी हैं। हालांकि, अभी तक प्लेऑफ के लिए कोई भी टीम अपना स्थान पक्का नहीं कर पाई है। कुछ टीमें काफी करीब पहुंच गई हैं और उन्हें एक या दो जीत से अगले राउंड का टिकट मिल सकता है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स और मुंबई इंडियंस को लगातार खराब प्रदर्शन के कारण एलिमिनेट होना पड़ा है।
हालांकि, पहले चरण में अपने प्रदर्शन से धमाल मचाने वाली पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की कायापलट भी हो गई है। एक समय इस टीम को रोकना मुश्किल लग रहा था और आकाश चोपड़ा जैसे दिग्गज कमेंटेटर ने तो यहां तक कह दिया था कि इन्हें ट्रॉफी दे दी जाए लेकिन अब हालात ऐसे हो गए हैं कि इस टीम को प्लेऑफ स्पॉट से चूकना पड़ सकता है। यह सब कैसे होगा और क्या समीकरण है, इसकी पूरी जानकारी हम आपको आगे देंगे।
IPL 2026 के पहले चरण में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) थी अपराजित

मौजूदा आईपीएल सीजन में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने अपने पहले सात मैचों में एक भी हार का सामना नहीं किया था और उसने छह जीत दर्ज की थीं। एक मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया, जो कोलकाता नाइट राइडर्स से था। इसी वजह से दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला था। इस तरह पंजाब ने सिर्फ 7 मैचों में ही 13 अंक हासिल कर लिए थे।
पहले चरण के दौरान पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने सबसे पहले गुजरात टाइटंस को 3 विकेट से हराया था। इसके बाद, चेन्नई सुपर किंग्स को 5 विकेट से मात दी। केकेआर के खिलाफ मुकाबला रद्द रहा। फिर सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट और मुंबई इंडियंस को 7 विकेट से धूल चटाई। इसके बाद, लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रनों से हराया और दिल्ली कैपिटल्स को 6 विकेट से मात दी।
इस जबरदस्त प्रदर्शन के कारण लग रहा था कि पंजाब किंग्स आसानी के साथ अगले राउंड में जगह बना लेगी लेकिन पिछले चार मुकाबलों में हार के कारण उसकी हालत खराब हो गई।
लगातार चार हार से पंजाब किंग्स (Punjab Kings) की प्लेऑफ के लिए दावेदारी हुई कमजोर
आईपीएल 2026 के दूसरे चरण में पंजाब किंग्स (Punjab Kings) का प्रदर्शन बेहद ही साधारण साबित हुआ और अभी तक एक भी जीत नहीं मिली है। इस दौरान पंजाब की टीम को राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के हाथों क्रमशः 6 और 4 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। वहीं, अपने 10वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 33 रनों से हार झेलनी पड़ी। जबकि कल खेले गए 11वें मैच में पंजाब को दिल्ली की टीम ने 3 विकेट से हराया।
इस तरह पंजाब किंग्स 7 मैचों में 13 अंक वाली स्थिति से 11 मैचों में 13 अंक पर पहुंच गई है और प्लेऑफ की रेस में अन्य टीमों से पिछड़ गई है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम के आगे जाने का सिर्फ एक ही रास्ता है कि शेष तीनों मैच में जीत दर्ज करे और 19 अंक के साथ बिना किसी पर निर्भर रहे प्लेऑफ में जगह बनाए। इससे कम जीत पर काम बिगड़ सकता है।
17 या उससे कम अंक पर पंजाब किंग्स को IPL 2026 में प्लेऑफ की रेस से होना पड़ सकता है बाहर
आईपीएल 2026 में पॉइंट्स टेबल का हाल अभी ऐसा है कि अगर पंजाब किंग्स (Punjab Kings) दो जीत या फिर उससे कम में लीग स्टेज समाप्त करती है तो उसका सफर समाप्त हो सकता है। अगर पंजाब दो जीत दर्ज करती है तो उसके खाते में 17 अंक हो सकते हैं लेकिन अभी चार अन्य टीमें हैं, जो उससे आगे निकल सकती हैं। इसी वजह से पंजाब की टीम के लिए दो जीत काफी नहीं होंगी। वहीं, 15 अंक पर मुश्किलें ज्यादा ही बढ़ सकती हैं। फिर श्रेयस अय्यर की टीम को अपने नेट रन रेट के साथ-साथ दूसरे टीमों के नतीजों और NRR पर निर्भर रहना पड़ेगा।