RR vs LSG: IPL 2026 के 64वें मैच में राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया। जयपुर में खेले गए मुकाबले में पहले खेलते हुए लखनऊ की टीम ने 20 ओवर में 220/5 का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में राजस्थान की टीम ने 19.1 ओवर में 225/3 का स्कोर बनाकर आसानी के साथ लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत से राजस्थान रॉयल्स के 13 मैचों में 14 अंक हो गए हैं और अभी भी प्लेऑफ की रेस में बरकरार है। वहीं, लखनऊ सुपर जायंट्स का 13 मैचों में 8 अंकों के साथ अंतिम दो स्थानों पर रहना तय हो गया।
इंग्लिश-मार्श ने मचाई तबाही, RR vs LSG मैच में लखनऊ की धमाकेदार शुरुआत

RR vs LSG मैच में टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को जोश इंग्लिस और मिचेल मार्श की जोड़ी ने धमाकेदार शुरुआत दिलाई। इन दोनों ने शुरुआत से ही राजस्थान के गेंदबाजों की पिटाई शुरुआत कर दी, जिसके कारण 3.3 ओवर में लखनऊ ने आईपीएल इतिहास में अपने सबसे तेज 50 रन पूरे किए और फिर पावरप्ले का अंत 83/0 के स्कोर पर किया।
जोश इंग्लिस ने 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और मिचेल मार्श के साथ 48 गेंदों में शतकीय साझेदारी भी पूरी की। इस साझेदारी का अंत 109 के स्कोर पर नौवें ओवर में इंग्लिस के आउट होने से हुआ, जो 29 गेंदों में 60 रनों की पारी खेलकर आउट हुए।
शतक से चूके मार्श, लखनऊ ने RR vs LSG मैच में बनाया 200 से ज्यादा का स्कोर
इंग्लिस के आउट होने के बावजूद, एक छोर से मिचेल मार्श का आक्रामक अंदाज जारी रहा। निकोलस पूरन (16) के साथ 24 गेंदों में 42 रन जोड़कर मार्श ने स्कोर को 150 के पार पहुंचाया। इसके बाद, कप्तान पंत के साथ स्कोर को 200 के पार ले गए। हालांकि, फिर अंतिम ओवर में ये दोनों ही आउट हो गए। पंत ने 35 रन बनाए। वहीं, मार्श ने 57 गेंदों में 96 रनों की पारी खेली। इस तरह RR vs LSG मैच में लखनऊ ने 5 विकेट खोकर 220 रन बनाए। राजस्थान रॉयल्स की तरफ से यश राज पुंजा को सबसे ज्यादा दो विकेट मिले।
जायसवाल ने दिखाया आक्रामक अंदाज, राजस्थान को RR vs LSG मैच में मिली तूफानी शुरुआत
RR vs LSG मैच में लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने ताबड़तोड़ अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए वैभव सूर्यवंशी के साथ जबरदस्त शुरुआत दिलाई। 4.2 ओवर में ही राजस्थान का स्कोर 50 के पार चला गया। इन दोनों ने पावरप्ले में अपनी टीम को कोई भी झटका नहीं लगने दिया और 71 रन जोड़े।
हालांकि, पावरप्ले खत्म होते ही अगले ओवर में यशस्वी आउट हो गए और 23 गेंदों में 43 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनकी पारी में आठ चौके और एक छक्का शामिल रहा।
वैभव ने की चौके-छक्कों की बारिश, शतकीय साझेदारी से राजस्थान को मजबूत स्थिति में पहुंचाया
यशस्वी जायसवाल के आउट होने के बाद, RR vs LSG मैच में रनों की रफ़्तार को बढ़ाने का काम वैभव सूर्यवंशी ने किया। शुरूआती ओवरों में संभलकर बल्लेबाजी करने वाले वैभव ने चौके-छक्कों की बारिश कर दी। उन्होंने 23 गेंदों में अपनी फिफ्टी पूरी की और इसके बाद तो टॉप गियर में बल्लेबाजी करते नजर आए।
लग रहा था कि उनके बल्ले से सीजन में दूसरा शतक आएगा, लेकिन फिर बड़े शॉट के प्रयास में 180 के स्कोर पर कैच आउट हो गए। सूर्यवंशी ने 38 गेंदों में सात चौकों और 10 छक्कों की मदद से 93 रनों की पारी खेली और ध्रुव जुरेल के साथ 105 रनों की साझेदारी करते हुए अपनी टीम को RR vs LSG मैच में मजबूत स्थिति में ला दिया।
जुरेल का अर्धशतक, RR vs LSG मैच में राजस्थान को मिली जीत
रन चेज के दौरान 196 के स्कोर पर राजस्थान रॉयल्स ने अपना चौथा विकेट गंवाया और लहुआन-ड्रे प्रेटोरियस 7 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, एक छोर से ध्रुव जुरेल ने मोर्चा संभाला हुआ था और अपना अर्धशतक पूरा करते हुए डोनोवन फरेरा (16*) के साथ राजस्थान रॉयल्स को अंतिम ओवर में जीत दिला दी। जुरेल ने 38 गेंदों में 53 रनों की नाबाद पारी खेली। RR vs LSG मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स की तरफ से आकाश सिंह और मोहसिन खान को एक-एक विकेट मिला।