Riyan Parag Statement After GT vs RR Qualifier 2: आईपीएल 2026 से राजस्थान रॉयल्स बाहर हो गई है। लीग स्टेज में अपने अंतिम मैच में जीत हासिल कर प्लेऑफ में जगह बनाने वाली राजस्थान ने एलिमिनेटर में सनराइजर्स हैदराबाद को हराया था लेकिन क्वालीफायर 2 में गुजरात टाइटंस के सामने दम निकल गया और 7 विकेट से हार झेलनी पड़ी। इस मैच में भी वैभव सूर्यवंशी ने शानदार पारी खेली लेकिन शतक से चूक गए।
वैभव सूर्यवंशी के पास सबसे कम पारियों में तीन आईपीएल शतक का रिकॉर्ड बनाने का मौका था लेकिन वह 96 रन के निजी स्कोर पर आउट हो हो गए। जहां हर तरफ वैभव की तारीफ हो रही है, वहीं कप्तान रियान पराग (Riyan Parag) ने मैच के बाद अजीबोगरीब बयान देकर हलचल मचा दी। तो चलिए आपको बताते हैं कि उन्होंने सूर्यवंशी को लेकर क्या कहा, साथ ही पार स्कोर और अपनी टीम की हार पर क्या प्रतिक्रिया दी।
वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी पर रियान पराग (Riyan Parag) ने कही बड़ी बात

GT vs RR क्वालीफायर 2 के बाद, पोस्ट मैच प्रेजेंटेशन सेरेमनी में जब रियान पराग (Riyan Parag) से वैभव सूर्यवंशी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा,
“मैं इसे शब्दों में बयान नहीं कर सकता। एक ही तरीका है, स्लॉग करो और ढेर सारे रन बनाओ। जिस तरह से उसने बल्लेबाजी की है, वह अंधाधुंध बल्लेबाजी नहीं है। आज जिस तरह से उन्होंने बल्लेबाजी की, वैसा कोई नहीं कर सकता। वह परिस्थितियों का आकलन और विश्लेषण करता है और हर काम पूरी सटीकता से करता है, जो वो कैसे करता है मेरी समझ से परे है। उम्मीद है, वह ऐसा ही करता रहेगा, हमारे देश का प्रतिनिधित्व करेगा और राजस्थान को दूसरी बार चैंपियनशिप दिलाने में मदद करेगा।”
रियान पराग (Riyan Parag) ने पिच के बदले बर्ताव को ठहराया हार के लिए जिम्मेदार, स्कोर में भी 15-20 रनों की बताई कमी
गुजरात टाइटंस के खिलाफ मिली हार को लेकर रियान पराग (Riyan Parag) ने पिच को भी जिम्मेदार ठहराया और कहा कि दूसरी पारी में बेहतर हो गई। साथ ही यह भी स्वीकार किया कि उनकी टीम उतने रन नहीं बना पाई, जितने बनने चाहिए थे। पराग ने कहा,
“मुझे लगता है कि यह एक औसत स्कोर था, 215 रन बचाव करने लायक स्कोर था। लेकिन मुझे लगा कि भारी रोलर के बाद विकेट बेहतर हो गया। पहली पारी में स्पिनरों को अच्छी ग्रिप मिल रही थी और धीमी गेंदें थोड़ी ज्यादा चिपक रही थीं। मुझे लगता है कि यह एक औसत स्कोर था, लेकिन इससे बेहतर हो सकता था। मुझे लगता है कि 230-240 रन का लक्ष्य हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो जाता। हम जानते थे कि उनकी बल्लेबाजी को देखते हुए हमें सलामी बल्लेबाजों को जल्दी आउट करना होगा, जो हम नहीं कर पाए। इसलिए, उसके बाद तो मुकाबला और भी कठिन होने वाला था।”
बता दें कि मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 214 रन बनाए थे, जिसके जवाब में गुजरात टाइटंस ने 18.4 ओवर में ही 3 विकेट खोकर 219 रन बनाते हुए आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया।