CSK : आईपीएल 2026 का लीग स्टेज अब अपने अंतिम चरण पर पहुंच गया हैं , जहां हर टीम प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए जीत की तैयारियों में जुटी हुई है। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अपने स्क्वॉड में बड़े बदलाव करते हुए दो नए खिलाड़ियों को टीम में शामिल किया है। दोनों फ्रेंचाइज़ियों को अपने प्रमुख तेज गेंदबाज़ों के बाहर होने के बाद यह फैसला लेना पड़ा, जिसने सीजन के बीच में अचानक हलचल पैदा कर दी है।
CSK ने कुलदीप यादव पर जताया भरोसा
चेन्नई सुपर किंग्स ने बाएं हाथ के तेज गेंदबाज़ खलील अहमद के बाहर होने के बाद घरेलू मीडियम पेसर कुलदीप यादव को 30 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। टीम प्रबंधन का मानना है कि कुलदीप आने वाले मुकाबलों में गेंदबाज़ी विभाग को गहराई देने का काम कर सकते हैं।
कुलदीप यादव इससे पहले भी आईपीएल का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने साल 2021 में राजस्थान रॉयल्स के लिए अपना आईपीएल डेब्यू किया था। हालांकि उन्हें ज्यादा मौके नहीं मिले और उन्होंने केवल तीन मुकाबले खेले, लेकिन घरेलू क्रिकेट में उनकी निरंतरता ने CSK को प्रभावित किया है। चेन्नई की टीम अब उन्हें बैकअप गेंदबाज़ के रूप में तैयार रखना चाहती है, ताकि जरूरत पड़ने पर वह टीम के लिए अहम भूमिका निभा सकें।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह बदलाव काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि टीम इस समय गेंदबाज़ी संयोजन को संतुलित करने की कोशिश कर रही है। अनुभवी खिलाड़ियों से भरी इस टीम को अब नए विकल्पों पर भी भरोसा दिखाना पड़ रहा है।
रिचर्ड ग्लीसन की RCB में हुई एंट्री
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने अनुभवी इंग्लिश तेज गेंदबाज़ रिचर्ड ग्लीसन को 1.6 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। ग्लीसन अपने साथ अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइज़ी क्रिकेट का लंबा अनुभव लेकर आए हैं, जो RCB के लिए बड़े मैचों में काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
ग्लीसन इंग्लैंड के लिए छह टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं और इन मैचों में उन्होंने नौ विकेट अपने नाम किए हैं। खास बात यह है कि उन्हें आईपीएल के माहौल का भी अनुभव है। वह पहले चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस जैसी बड़ी फ्रेंचाइज़ियों का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने CSK के लिए दो और मुंबई इंडियंस के लिए एक मुकाबला खेला था।
RCB मैनेजमेंट का मानना है कि डेथ ओवर्स में उनकी गेंदबाजी टीम के लिए काफी अहम साबित हो सकती है। प्लेऑफ की रेस को देखते हुए बेंगलुरु ने अनुभव को प्राथमिकता देते हुए यह फैसला लिया है।
Kuldip Yadav has replaced Khaleel Ahmed in CSK squad for IPL 2026.
Richard Gleeson has replaced Nuwan Thushara in RCB squad for IPL 2026. pic.twitter.com/ylA3OkvWk6
— Mufaddal Vohra (@mufaddal_vohra) May 15, 2026
खलील अहमद की चोट बना CSK के लिए बड़ा झटका
चेन्नई सुपर किंग्स को यह बदलाव मजबूरी में करना पड़ा, क्योंकि टीम के प्रमुख तेज गेंदबाज़ खलील अहमद चोट के कारण पूरे टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। खलील को 14 अप्रैल को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ चेपॉक में खेले गए मुकाबले के दौरान चोटिल हो गए थे।
शुरुआत में चोट को सामान्य माना जा रहा था, लेकिन बाद में मेडिकल जांच में पता चला कि उन्हें क्वाड्रिसेप्स में गंभीर चोट लगी है। डॉक्टरों ने उन्हें लंबे समय तक रिहैबिलिटेशन की सलाह दी है और जिसके चलते उन्हें पुरे सीजन से बाहर होना पड़ा।
विवाद के चलते IPL से बाहर हुए नुवान तुषारा
दूसरी तरफ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के तेज गेंदबाज नुवान तुषारा का मामला काफी चर्चा में रहा। श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड द्वारा एनओसी नहीं दिए जाने के बाद तुषारा ने कानूनी लड़ाई शुरू कर दी थी। उन्होंने कोलंबो जिला अदालत में बोर्ड के खिलाफ याचिका दायर की थी।
दरअसल, श्रीलंका क्रिकेट ने नए फिटनेस नियम लागू किए थे, जिसमें खिलाड़ियों के लिए 2 किलोमीटर दौड़ टेस्ट पास करना अनिवार्य था। तुषारा इस टेस्ट को पास नहीं कर सके थे, जिसके बाद उन्हें विदेशी लीग में खेलने की अनुमति नहीं मिली। तुषारा ने इसे अपने करियर के खिलाफ फैसला बताते हुए कानूनी रास्ता अपनाया था।
हालांकि IPL सीजन आगे बढ़ने के साथ उनकी कानूनी टीम ने अदालत को बताया कि अब इस मामले को आगे बढ़ाने का कोई व्यावहारिक फायदा नहीं है। इसके बाद अदालत ने याचिका खारिज कर दी और तुषारा ने माफी भी मांग ली। इसी घटनाक्रम के बाद RCB ने उनकी जगह रिचर्ड ग्लीसन को टीम में शामिल करने का फैसला किया।
ये भी पढ़े : Mayanti Langer संग बातचीत में Virat Kohli ने खोले दिल के राज, बताया टेस्ट रिटायरमेंट का कारण