DC vs CSK: इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 19वें सीजन में लीग स्टेज के मैचों का रोमांच जारी है और जल्द ही मुकाबलों की फिफ्टी पूरी होने वाली है। टूर्नामेंट में कल यानी 5 मई को दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की टक्कर होगी। इन दोनों ही टीमों ने अपना-अपना पिछला मैच जीता है। ऐसे में दोनों की ही नजर जीत का मोमेंटम बरकरार रखने पर होगी।
इस सीजन दिल्ली और चेन्नई के बीच यह दूसरा मुकाबला होगा। इससे पहले 11 अप्रैल को चेपॉक स्टेडियम में टक्कर हुई थी, जिसमें चेन्नई की टीम ने बाजी मारी थी। ऐसे में अब अपने होम ग्राउंड पर दिल्ली की टीम पलटवार करना चाहेगी। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए दोनों ही टीमों के लिए DC vs CSK मैच काफी अहम रहेगा।
DC vs CSK मुकाबले का अरुण जेटली स्टेडियम में होगा आयोजन

आईपीएल 2026 के 48वें मैच में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स की भिड़ंत मंगलवार, 5 मई को शाम 7:30 बजे से होनी है। इस मुकाबले का वेन्यू दिल्ली का अरुण जेटली स्टेडियम होगा। इस मैदान पर मौजूदा सीजन में चार मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से दो में जमकर रनों की बारिश हुई।
हालांकि, यहां खेले गए पिछले मैच की बात करें तो उसमें दिल्ली की टीम महज 75 रन पर ऑल आउट हो गई थी। ऐसे में देखना होगा कि इस बार किस तरह की पिच दी जाती है, क्योंकि उससे पहले खेले गए दो मैचों में काफी ज्यादा मात्रा में रन बने थे और आईपीएल का सबसे बड़ा रन चेज भी हुआ था।
DC vs CSK मैच से पहले अंक तालिका में दोनों टीमों की स्थिति
आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स और चेन्नई सुपर किंग्स दोनों का ही प्रदर्शन उतना ख़ास नहीं रहा। दिल्ली की टीम को जहां कुछ मैचों में करीब अंतर से हार मिली, वहीं कुछ में उन्हें बड़ी शिकस्त भी झेलनी पड़ी। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स ने कुछ मैचों में अपने विरोधियों को जबरदस्त तरीके से हराया लेकिन कुछ में खुद ही फिसड्डी साबित हुई। यही वजह है कि ये दोनों ही टीमें अंक तालिका में टॉप 5 में नहीं है।
दिल्ली कैपिटल्स 9 मैचों में 4 ही जीतने में सफल रही है और 8 अंक लेकर अंक तालिका में सातवें स्थान पर है। वहीं, चेन्नई सुपर किंग्स का हाल भी ऐसा ही है लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण टीम डीसी से एक पायदान ऊपर यानी छठे स्थान पर है। इस मैच में दिल्ली ने जीत दर्ज की तो छठे स्थान पर पहुंच जाएगी लेकिन चेन्नई को जीत मिली तो वह अपनी पोजीशन पर ही कायम रहेगी, क्योंकि उसके ऊपर पांचवें स्थान पर गुजरात टाइटंस है, जिसके 12 अंक हैं।
DC vs CSK मैच के लिए दिल्ली कैपिटल्स इन 12 खिलाड़ियों को उतार सकती है
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होम ग्राउंड पर होने वाले मैच के लिए दिल्ली कैपिटल्स की तरफ से ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है, क्योंकि टीम पिछला मैच जीतकर आई है। केएल राहुल के जोड़ीदार के रूप में पथुम निसांका को फिर से मौका मिला था और उन्होंने शानदार अर्धशतक लगाया था। इसी वजह से उनका खेलना तय माना जा सकता है। नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स और कप्तान अक्षर पटेल के साथ आशुतोष शर्मा को फिर से मौका मिल सकता है।
हालांकि, गेंदबाजी विभाग में लुंगी एनगिड़ी की एंट्री हो सकती है और इसके कारण काइल जैमीसन को बाहर बैठना पड़ सकता है। ऐसे में एनगिड़ी, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव और टी नटराजन मुख्य रूप से स्पेशलिस्ट गेंदबाज के रूप में खेल सकते हैं। वहीं, इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में जरूरत आकिब नबी का इस्तेमाल किया जा सकता है।
DC vs CSK मैच के लिए चेन्नई सुपर किंग्स इन 12 खिलाड़ियों को दे सकती है मौका
DC vs CSK मैच से पहले चेन्नई सुपर किंग्स के खेमे से दो अहम अपडेट सामने आए। पहला तो ये रहा कि मुंबई इंडियंस के खिलाफ डेब्यू करने वाले रामकृष्ण घोष चोट के चलते शेष मैचों से बाहर हो गए हैं। वहीं, दूसरा अपडेट ये है कि एमएस धोनी टीम के साथ दिल्ली नहीं गए हैं। इसी वजह से वह भी मैच का हिस्सा नहीं होंगे। हालांकि, धोनी का न होने बड़ी बात नहीं है, क्योंकि वह अभी तक एक भी मैच में खेले ही नहीं हैं लेकिन घोष का बाहर होना बड़ा झटका माना जा सकता है।
अगर मुकाबले के लिए चेन्नई की टीम के 12 खिलाड़ियों की बात करें तो संजू सैमसन, कप्तान रुतुराज गायकवाड़, उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, प्रशांत वीर का खेलना लगभग तय हैं। इसके बाद, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज और मुकेश चौधरी गेंदबाजी डिपार्टमेंट में नजर आ सकते हैं। जबकि इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह को खिलाया जा सकता है।
DC vs CSK मैच के लिए दोनों टीमों की प्लेइंग 11 और इम्पैक्ट प्लेयर
दिल्ली कैपिटल्स: केएल राहुल (विकेटकीपर), पथुम निसांका, नितीश राणा, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, लुंगी एनगिड़ी, टी नटराजन
इम्पैक्ट प्लेयर: आकिब नबी
चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), उर्विल पटेल, कार्तिक शर्मा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, जेमी ओवरटन, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मुकेश चौधरी
इम्पैक्ट प्लेयर: गुरजपनीत सिंह
FAQs
DC vs CSK मुकाबला किस तारीख को खेला जाना है?
यह भी पढ़ें: क्रिकेट और प्यार के बीच दूरी! BCCI लागू कर रही ‘Girlfriend Culture’ रूल, जानें इस नियम की पूरी सच्चाई