New T20 Captain and Vice-Captain Announced: आईपीएल 2026 के बीच भारत के नए टी20 कप्तान और उपकप्तान की चर्चा खूब चल रही है। जहां सूर्यकुमार यादव को हटाए जाने की संभावना जताई जा रही है। वहीं, स्पिन ऑलराउंडर अक्षर पटेल की उपकप्तानी भी सुरक्षित नहीं है। अगर इन दोनों को बरकार रखा भी जाता है तो आयरलैंड दौरे पर दूसरे दर्जे की टीम को लीड करते कोई नया चेहरा नजर आ सकता है, तो वीसी के तौर पर भी किसी दूसरे खिलाड़ी को मौका मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, अभी तक भारत की T20 में लीडरशिप में बदलाव को लेकर कोई भी ऐलान नहीं हुआ है लेकिन इस बीच एक अन्य टीम ने बड़ी घोषणा करते हुए अपने कप्तान और उपकप्तान दोनों बदल दिए हैं।
श्रीलंका ने T20 में बदले कप्तान और उपकप्तान

जून में श्रीलंका को वेस्टइंडीज का ऑल फॉर्मेट दौरा करना है। इस दौरे पर 3 वनडे, 3 T20 और 2 टेस्ट शामिल हैं। इस दौरे के लिए श्रीलंका की टेस्ट कप्तानी में तो कोई बदलाव नहीं हुआ लेकिन व्हाइट बॉल की कप्तानी बदल गई। वनडे की कप्तानी अभी तक चरिथ असलंका संभाल रहे थे लेकिन अब उन्हें हटा दिया गया है। वहीं, टी20 की कप्तानी से दासुन शनाका को भी हाथ धोना पड़ा है। शनाका ने ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी श्रीलंका की कमान संभाली थी लेकिन टीम का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इसी वजह से चयन समिति ने व्हाइट बल्ले में कप्तानी में बदलाव किया है, जिसके कारण श्रीलंका की टी20 टीम का कप्तान और उपकप्तान भी बदल गया है।
GT के पूर्व खिलाड़ी को बनाया गया श्रीलंका का नया T20 कप्तान
श्रीलंका ने वनडे के साथ-साथ T20 का कप्तान कुसल मेंडिस को बनाया है, जो आईपीएल 2025 में जोस बटलर के रिप्लेसमेंट के रूप में प्लेऑफ के लिए गुजरात टाइटंस के साथ जुड़े थे। मेंडिस ODI में पहले भी कप्तानी कर चुके हैं लेकिन सबसे छोटे फॉर्मेट में अभी तक उन्होंने एक भी मैच में श्रीलंका की कमान नहीं संभाली है। इसी वजह से वेस्टइंडीज जैसी टीम के खिलाफ उनकी कड़ी परीक्षा हो सकती है।
इस विकेटकीपर ने अभी तक अपने करियर में श्रीलंका के लिए 106 T20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान 129.67 की स्ट्राइक रेट से 2622 रन बनाए हैं, जिसमें 20 अर्धशतकीय पारियां भी शामिल हैं।
श्रीलंका की T20 टीम के उपकप्तान के रूप में ये खिलाड़ी आएगा नजर
नई चयन समिति ने जिस तरह कुसल मेंडिस को व्हाइट बॉल का कप्तान बनाया है, उसी तरह कामिन्दु मेंडिस को ODI और T20 का उपकप्तान नियुक्त किया गया है। हालांकि, कामिन्दु के पास कुसल की तुलना में बहुत ज्यादा टी20 मैचों का अनुभव नहीं है और उनके आंकड़े भी काफी साधारण हैं। कामिन्दु ने अभी तक 43 टी20 में 20 से भी कम की औसत से 671 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 3 अर्धशतकीय पारियां भी आई हैं।
वेस्टइंडीज के खिलाफ T20 सीरीज के लिए श्रीलंका का स्क्वाड
कुसल मेंडिस (कप्तान), कामिन्दु मेंडिस (उपकप्तान), पथुम निसांका, कामिल मिशारा, पवन रथनायके, लसिथ क्रूसपुले, दासुन शनाका, मिलन रथनायके, डुनिथ वेल्लालागे, वानिंदु हसरंगा, महीश तीक्षणा, दुष्मंथा चमीरा, दिलशान मदुशंका, ईशान मलिंगा, बिनुरा फर्नांडो, नुवान तुषारा