Bangladesh vs Pakistan 1st Test Mirpur: भारत में IPL 2026 का रोमांच छाया हुआ है और अभी टीम इंडिया ब्रेक पर है। इस टूर्नामेंट का समापन 31 मई को फाइनल के साथ होगा और फिर भारतीय टीम भी मैदान पर वापसी करेगी। वहीं, पाकिस्तान के PSL का समापन 3 मई को हो गया था, जिसके बाद टीम की एक्शन में वापसी हो गई है लेकिन उसे पहले ही टेस्ट में शर्मिंदगी का शिकार होना पड़ा है।
PSL के तुरंत बाद, पाकिस्तान (Pakistan) का बांग्लादेश दौरा तय था, जिसमें दोनों टीमों के बीच दो मैचों की टेस्ट सीरीज होनी है। इस सीरीज की शुरुआत 8 मई से हुई और पहला टेस्ट मीरपुर में खेला गया, जिसके पांचवें दिन पाकिस्तान को बांग्लादेश के हाथों 104 रनों से करारी हार झेलनी पड़ी है।
मीरपुर टेस्ट में बांग्लादेश ने पाकिस्तान (Pakistan) को हराया

दो मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मैच के अंतिम दिन बांग्लादेश ने अपनी दूसरी पारी 9 विकेट पर 240 के स्कोर पर घोषित कर दी और पहली पारी की बढ़त के आधार पर 268 का टारगेट पाकिस्तान को दिया था। अंतिम दिन जीत मुश्किल थी लेकिन उम्मीद थी कि पाकिस्तान मैच ड्रॉ कराने में सफल हो सकता है लेकिन बांग्लादेशी गेंदबाजों ने पाकिस्तानी बल्लेबाजों की हालत खराब कर दी और 52.5 ओवर में ही 163 के स्कोर पर मेहमान टीम को ढेर करते हुए अपनी टीम को जीत दिला दी।
कैसा रहा मैच का पूरा हाल
मैच में पाकिस्तान (Pakistan) ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया लेकिन बांग्लादेश की तरफ से दमदार बल्लेबाजी प्रदर्शन देखने को मिला और टीम ने अपनी पहली पारी में 413 का स्कोर बनाया। इस दौरान कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने बेहतरीन शतक जड़ा और 101 रनों की पारी खेली। वहीं, मोमिनुल हक़ ने भी 91 रन बनाए। गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से मोहम्मद अब्बास ने 5 विकेट झटके।
इसके बाद, जवाबी पारी में पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने अच्छा किया लेकिन टीम 386 के स्कोर तक ही पहुंच पाई और बांग्लादेश की पहली पारी के स्कोर से 27 रन पीछे रह गई। पाकिस्तानी की पारी में ओपनर अजैन अवैस ने 103 रन बनाए। इसके अलावा तीन अन्य बल्लेबाजों ने अर्धशतक जड़े। वहीं, बांग्लादेश की तरफ से गेंदबाजी में मेहदी हसन मिराज ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए।
बांग्लादेश ने दूसरी पारी 240/9 के स्कोर पर घोषित की। इसमें भी कप्तान नजमुल हुसैन शान्तो ने 86 और मोमिनुल हक़ ने 56 रनों का योगदान दिया। पाकिस्तान के लिए हसन अली और नोमान अली तीन-तीन विकेट के साथ सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए पाकिस्तान (Pakistan) की तरफ से अब्दुल्लाह फजल के अलावा कोई भी बल्लेबाज नहीं टिक पाया। फजल ने 66 रनों की पारी खेली लेकिन अपनी टीम को हार से नहीं बचा पाए। बांग्लादेश के नाहिद राणा ने सर्वाधिक 5 विकेट झटके।
बांग्लादेश में पाकिस्तान की पहली टेस्ट हार
पाकिस्तान (Pakistan) को अपने पिछले तीन टेस्ट में बांग्लादेश से हार का सामना करना पड़ा है। हालांकि, इससे पहले दो हार पाकिस्तान को अपने घर पर मिली थीं लेकिन इस बार उसे बांग्लादेश में हार झेलनी पड़ी है। इस तरह पाकिस्तान का बांग्लादेश में लंबे समय से चला आ रहा दबदबा समाप्त हो गया और टीम दो मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 से पीछे हो गई।
FAQs
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को मीरपुर टेस्ट में कितने रनों से हराया?
बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच कितने मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है?
यह भी पढ़ें: DC की जीत के बावजूद अक्षर पटेल पर गिरा मुसीबतों का पहाड़, BCCI ने सूना डाली बड़ी सजा, लगाया भारी जुर्माना