Nita Ambani likely to release these 4 MI’s big players: आईपीएल 2026 में कई टीमों का प्रदर्शन बेहद खराब रहा, जिनमें से एक पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस भी है। सीजन के आगाज से पहले माना जा रहा था कि मुंबई आसानी से प्लेऑफ की दावेदार है, क्योंकि स्क्वाड में एक से बढ़कर एक धुरंधर मौजूद थे लेकिन ये सभी प्रदर्शन के लिहाज से फिसड्डी साबित हुए। इसी वजह से नीता अंबानी के मालिकाना हक़ वाली टीम पूरे सीजन 14 मैचों में से सिर्फ 4 में ही जीत दर्ज कर पाई और नौवें स्थान पर रहकर अपने सफर को समाप्त किया।
इसी वजह से संभावना जताई जा रही है कि अगले सीजन से पहले कुछ कड़े फैसले लिए जा सकते हैं और कई बड़े स्टार खिलाड़ियों को फ्लॉप प्रदर्शन के चलते बाहर का रास्ता दिखाया जा सकता है। इस लेख में हम ऐसे ही 4 प्रमुख खिलाड़ियों का जिक्र करने जा रहे हैं, जिन्हें MI की मालकिन नीता अंबानी IPL 2027 से पहले रिलीज कर सकती हैं।
इन 4 बड़े खिलाड़ियों को IPL 2027 से पहले MI कर सकती है रिलीज
1. रोहित शर्मा

मुंबई इंडियंस को पांच बार बतौर कप्तान ख़िताब जिताने वाले रोहित शर्मा का जादू अब नहीं चल रहा है। कप्तानी से तो उन्हें 2024 के सीजन से पहले ही हटा दिया गया था लेकिन खिलाड़ी के रूप में रोहित को बरक़रार रखा गया था। इस सीजन के लिए रोहित को 16.30 करोड़ की बड़ी कीमत में रिटेन किया गया था लेकिन वह पैसा वसूल योगदान नहीं दे पाए।
रोहित का बल्ला शुरुआत में चला लेकिन फिर चोट का शिकार हो गए और उसके बाद उनके बल्ले से एक बड़ी पारी आई लेकिन अन्य में फ्लॉप रहे। सीजन के दौरान 9 मैचों में रोहित ने 283 रन बनाए। हालांकि, अब फॉर्म के साथ-साथ फिटनेस भी एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। इसी वजह से MI द्वारा अगले सीजन से पहले रोहित को रिलीज किया जा सकता है।
2. हार्दिक पांड्या
मुंबई इंडियंस ने 2024 के सीजन से पहले बड़ा फैसला लेते हुए स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को दोबारा अपनी टीम में शामिल किया था और कप्तान भी बनाया। लेकिन यह दांव हिट होने के बजाय फ्लॉप साबित हुआ। इससे टीम का माहौल भी काफी खराब हुआ और फैंस भी नाराज नजर आए। पिछले तीन सीजन में MI ने सिर्फ एक बार प्लेऑफ खेला। वहीं, हार्दिक का प्रदर्शन भी कुछ खास अच्छा नहीं रहा। इस सीजन हार्दिक ने 10 मैचों में 138.25 की औसत से 206 रन बनाए, वहीं गेंदबाजी में सिर्फ 4 विकेट ही ले पाए। ऐसे में 16.35 करोड़ की कीमत वाले हार्दिक को IPL 2027 के लिए रिटेन किए जाने की संभावना कम ही नजर आ रही है।
3. ट्रेंट बोल्ट
न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट का प्रदर्शन भी आईपीएल 2026 में ज्यादा खास नहीं रहा। 12.50 करोड़ की कीमत वाले इस गेंदबाज को MI ने सिर्फ 5 मैचों में ही मौका दिया, जिसमें उन्होंने 2 विकेट चटकाए। उनका गेंदबाजी औसत 94 और इकॉनमी रेट 11.62 का रहा। अब बोल्ट में पहले जैसी बात नहीं रही, जब उन्हें नई गेंद के साथ विकेट की गारंटी माना जाता था। इसी वजह से नीता अंबानी उन्हें रिलीज कर अपनी पर्स वैल्यू में इजाफा करना चाहेंगी, ताकि अन्य बेहतर विकल्प को शामिल किया जा सके।
4. दीपक चाहर
तेज गेंदबाज दीपक चाहर पिछले दो सीजन से मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं लेकिन वह अपने प्रदर्शन से कुछ खास योगदान नहीं दे पाए हैं। इस सीजन भी दीपक को 8 मैचों में खिलाया गया, लेकिन वह सिर्फ 8 ही विकेट ले पाए। बीच में उन्हें ड्रॉप भी कर दिया गया था लेकिन आखिरी के मैचों में उनकी फिर से वापसी हुई। दीपक को 9.25 करोड़ में रिटेन किया गया था। ऐसे में इतनी बड़ी कीमत के लायक उनका प्रदर्शन नहीं रहा है। इसी वजह से IPL 2027 से पहले MI की टीम से उनकी छुट्टी हो सकती है।